दतिया। Nishaanebaz.com-Datia Crime News: मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सिविल लाइन थाना पुलिस ने वार्ड क्रमांक 31 की भाजपा पार्षद के आवास पर अचानक छापामार कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस रेड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब घर के बाहरी हिस्से में बने बाथरूम की सघन तलाशी ली, तो वहां से अवैध रूप से छिपाकर रखी गई देशी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। सिविल लाइन पुलिस ने मौके से कुल 8 पेटी अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹50,000 बताई जा रही है।
Read More : UPI MDR Charge Impact: 10 अक्टूबर से Pneucons पर बंद होगी UPI पेमेंट सेवा, 0.4% MDR बना बड़ी वजह
पार्षद पति पुलिस को चकमा देकर फरार, देवर और साथी गिरफ्तार
पुलिस की टीम ने जैसे ही पार्षद के घर की घेराबंदी की, मौका पाकर भाजपा पार्षद का पति राकेश साहू पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मौके से ही पार्षद के देवर मुकेश साहू और उनके साथी दिनेश चतुर्वेदी को धर दबोचा और तुरंत हिरासत में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। एफआईआर में फरार पार्षद पति राकेश साहू, देवर मुकेश साहू और साथी दिनेश चतुर्वेदी को नामजद आरोपी बनाया गया है।
जांच और पूछताछ जारी
इस पूरी छापामार कार्रवाई को सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, सब इंस्पेक्टर भास्कर शर्मा और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र शाक्य की टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि शराब का यह जखीरा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने या बेचने की तैयारी थी। वहीं, फरार चल रहे मुख्य आरोपी व पार्षद पति राकेश साहू की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।






