दमोह। Nishaanebaz.com-MP Minister Lakhan Patel Remark: मध्य प्रदेश के आनंद विभाग के मंत्री और पथरिया विधानसभा सीट से विधायक लखन पटेल अपने एक अजीबोगरीब बयान को लेकर एकाएक सुर्खियों में आ गए हैं। दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ में आयोजित एक शादी घर के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने सड़कों की वर्तमान बदहाल स्थिति और उस पर सवाल उठाने वाली युवा पीढ़ी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी ने पुरानी सड़कें देखी ही नहीं हैं, इसलिए उन्हें सड़कों में सिर्फ गड्ढे ही नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन पटेल ने कहा कि नई पीढ़ी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि पहले के दौर में सड़कें कैसी हुआ करती थीं। उन्होंने अपने एक मित्र का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब उनसे किसी ने सड़क के गड्ढों की शिकायत की, तो उन्होंने जवाब दिया कि शिकायत करने वालों से कहिए कि वे किसी बुजुर्ग से पूछें कि पहले रास्ते कैसे होते थे।
दमोह: ‘गड्ढे उन्हीं को दिख रहे, जिन्होंने पुरानी सड़कें नहीं देखीं’; सड़कों की हालत पर MP के मंत्री लखन पटेल का बयान वायरल।#Damoh #MPNews #LakhanPatel #MPPolitics pic.twitter.com/5qsRNDn3wB
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 3, 2026
अपने संबोधन में पुराने समय के संघर्षों को याद दिलाते हुए मंत्री ने कहा कि पहले बारिश के दिनों में आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता था और लोगों को महीनों पहले से राशन-पानी का इंतजाम करके रखना पड़ता था। उस दौर में बारिश के मौसम में बाहर से मेहमानों के आने-जाने की कोई उम्मीद नहीं रहती थी, जबकि आज सरकारी नीतियों के कारण लोग 15 से 20 मिनट में विकासखंड या तहसील मुख्यालय पहुंच जाते हैं।
Read More : Tikamgarh Court Brawl News: टीकमगढ़ जिला कोर्ट में दामाद और ससुराल पक्ष में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे
ग्रामीण अर्थव्यवस्था का उदाहरण देते हुए लखन पटेल ने कहा कि पहले यदि किसी किसान को अचानक 500 रुपये की जरूरत पड़ जाती थी, तो पूरे गांव में भी इतनी रकम का इंतजाम होना नामुमकिन सा होता था। इसके विपरीत आज सरकार की विकास नीतियों के कारण आम जनता की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और किसी होटल में चाय पी रहे व्यक्ति की जेब में भी हजारों रुपये मिल जाते हैं।
मंत्री ने यह भी मलाल जताया कि आमतौर पर लोग सरकार द्वारा कराए गए बड़े विकास कार्यों की सराहना या चर्चा नहीं करते, बल्कि जो काम नहीं हो पाए हैं, उनकी बात ज्यादा करते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपनी मांगें जरूर रखें, लेकिन सरकार के अब तक के विकास कार्यों को भी देखें। मंच से बचपन में नदी के सूखे हिस्से में क्रिकेट खेलने की यादें साझा करते हुए दिया गया मंत्री का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।





