सूरजपुर। Nishaanebaz.com-Surajpur DDRF River Rescue: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से राहत और साहस की खबर सामने आई है। ओड़गी थाना क्षेत्र के ग्राम मारण में मछली पकड़ने गया एक ग्रामीण अचानक नदी में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की चपेट में आ गया। बहाव इतना भीषण था कि युवक खुद को संभाल नहीं पाया और नदी के बीचों-बीच स्थित एक बड़ी चट्टान पर फंस गया। काफी देर तक उफनती नदी की धारा के बीच वह युवक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपदा मोचन बल (DDRF) की टीम मौके पर पहुंची और साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मारण निवासी अशोक सोनपाकर रोज की तरह नदी में मछली पकड़ने गया हुआ था। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र में हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी की रफ्तार काफी तेज हो गई।
नदी के अचानक उफान पर आने से अशोक किनारे तक नहीं आ सका और जान बचाने के लिए नदी के बीच स्थित एक बड़ी चट्टान पर चढ़ गया। जब आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक को नदी के बीच फंसा देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन को दी गई।
सूरजपुर: ओड़गी के मारण में उफनती नदी की चट्टान पर फंसा युवक; DDRF की टीम ने साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला।#Surajpur #CGNews #DDRF #RescueOperation pic.twitter.com/GttfCLRvnv
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 4, 2026
सूचना मिलते ही DDRF की संयुक्त टीम जीवनरक्षक उपकरणों और रस्सियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। नदी के तेज बहाव और विषम परिस्थितियों के बीच जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। DDRF के जवानों ने अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए तेज धारा के बीच युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित किनारे पर ले आए।
DDRF टीम की त्वरित कार्रवाई और सफल बचाव अभियान के बाद फंसे हुए युवक और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने जवानों की तत्परता और साहस की जमकर सराहना की है। प्रशासन ने बारिश के मौसम में उफनती नदियों और नालों के पास मछली पकड़ने या जाने से बचने की सलाह दी है।





