रायपुर। Nishaanebaz.com-Raipur Food Department Seizes : राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। जोरा मॉल के सामने खड़े एक संदिग्ध पिकअप वाहन की औचक तलाशी के दौरान लगभग 650 किलोग्राम संदिग्ध पनीर का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। यह माल ओडिशा भेजने की तैयारी में रखा गया था।
औचक निरीक्षण के दौरान पकड़ाया संदिग्ध पनीर का जखीरा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर से बाहर बड़ी मात्रा में गुणवत्ताहीन और मिलावटी पनीर की खेप परिवहन के लिए भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही अधिकारियों की टीम ने जोरा मॉल के सामने घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोककर उसकी जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब 650 किलो संदिग्ध पनीर मिला, जिसकी गुणवत्ता बेहद संदिग्ध नजर आ रही थी।
बीरगांव के व्यापारी अंशु बंसल से जुड़ा है मामला
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पिकअप में लदी यह सामग्री बीरगांव निवासी व्यापारी अंशु बंसल के नाम से जुड़ी हुई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नोडल अधिकारी डोमेंद्र ध्रुव ने बताया कि पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण नियमानुसार उसका सैंपल संकलित कर लिया गया है। सैंपल लेने के बाद बची हुई पूरी सामग्री को नियमानुसार सीज कर संबंधित व्यक्ति की ही अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद तय होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
विभाग द्वारा लिए गए सैंपलों को त्वरित जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह साबित हो सकेगा कि पनीर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के मापदंडों पर खरा उतरता है या नहीं। यदि जांच में मिलावट या अमानक स्तर की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।