सीधी : मध्यप्रदेश के सीधी जिले के ग्राम पंचायत पटना में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब मुन्नी बुनकर (32) जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान जंगल किनारे खुले बिजली तार में प्रवाहित करंट से उनका संपर्क हो गया और वे मौके पर ही गिर पड़ीं।
शरीर के कई हिस्से बुरी तरह प्रभावित
हादसे में महिला के पैर, सीना और मुंह गंभीर रूप से झुलस गए। साथ मौजूद महिलाओं ने किसी तरह उन्हें करंट से अलग कर घर पहुंचाया, जिसके बाद हालत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने बताया कि जंगल की ओर जाते समय कहीं कोई चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी, जिससे खतरे का अंदाजा लगाना संभव नहीं हो सका।
हालत गंभीर, रीवा किया गया रेफर
समाजसेवी तेज बहादुर सिंह परिहार के अनुसार करंट से झुलसने के कारण महिला के पैर की दो उंगलियां काटनी पड़ी हैं, जबकि कमर से नीचे का हिस्सा भी प्रभावित बताया जा रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
Read More : M.P Crime : सिंगरौली की पंचायत में लाखों का घोटाला, फर्जी बिलों से भुगतान का आरोप
अवैध शिकार पर फिर उठे सवाल
सीधी जिले में जंगलों में बिजली के तार बिछाकर अवैध शिकार किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।
पुलिस ने जांच के दिए संकेत
पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक तौर पर महिला के इलाज की व्यवस्था कराई गई है। आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल अवैध शिकार की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी बताती है।













