Short encounter : भूपेन्द्र भदौरिया/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गुंडागर्दी और दबंगई के बूते जमीनों पर अवैध कब्जा जमाने वाले कुख्यात बदमाश कपिल यादव (निवासी बड़ागांव) को सोमवार सुबह पुलिस ने एक शार्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। गोली पैर में लगने के कारण बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई में कपिल यादव का एक साथी अमन यादव भी हथियारों के साथ पकड़ा गया है।
साथी के खुलासे के बाद हुई घेराबंदी
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में हुई। पहले बदमाश कपिल यादव के साथी अमन यादव को गोला का मंदिर इलाके में गिरफ्तार किया गया। अमन यादव से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि कपिल यादव सुबह मुरार के बंधोली स्थित जंगल के रास्ते से अपना ठिकाना बदलेगा।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने बंधोली (मुरार) के जंगली रास्ते पर सुबह 6:10 बजे के करीब घेरा डाल दिया।
Short encounter : घेरा डाला, आया और गोली लगी
पुलिस के अनुसार, जब कपिल यादव बाइक से उस रास्ते से निकला, तो पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया और सीधे पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली कपिल यादव के पैर में जा लगी। जख्मी हालत में वह बाइक से गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तुरंत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने इस एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि, “बदमाश से बंधोली के रास्ते में सुबह एनकाउंटर हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उससे अपराधों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।”
Short encounter : इन वारदातों से दी थी चुनौती
कपिल यादव और उसके साथियों पर पिछले कुछ समय से शहर में हनक दिखाने और व्यापारियों को धमकाने का आरोप था। हाल ही में उसने इन दो बड़ी वारदातों से प्रशासन को चुनौती दी थी:
-
व्यापारी पर हमला: मुरार के एक कपड़ा कारोबारी की बड़ागांव में जमीन पर कब्जा करने के लिए कपिल यादव और उसके साथियों ने कारोबारी और उनके बेटे पर गोलियां चलाई थीं।
-
मंदिर की जमीन पर कब्जा: चार दिन पहले बडागांव में रामजानकी मंदिर की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास में पूरन सिंह भदौरिया और उनके भाई पर जानलेवा हमला किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के पास से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।













