Shoaib Dhebar arrested: रायपुर। राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर कारोबारी और उसके परिवार को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए 5 आईफोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
विदेशी नंबर से भेजे धमकी भरे मैसेज
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने 14 सितंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश आए थे। संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की।
रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी
आरोपी ने कथित तौर पर फिरौती की रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उनके बेटे अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी थी। साथ ही रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की बात भी कही गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 के तहत धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी के मोबाइल पर आए विदेशी नंबर, उससे जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप संदेशों और वीडियो की तकनीकी जांच की।
मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। जांच के दौरान आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की।
5 आईफोन जब्त
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी शोएब ढेबर ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित 5 आईफोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
Shoaib Dhebar arrested: गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर (26), निवासी पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।






