बाराबंकी/लखनऊ:उत्तर प्रदेश में एक बार फिर अपराध जगत से जुड़ी बड़ी वारदात सामने आई है। मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े बताए जा रहे शूटर शोएब बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बाराबंकी जिले के असैनी इलाके में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शोएब को करीब 15 गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जेलर हत्याकांड का आरोपी था शोएब
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शोएब बॉबी पहले से ही कई गंभीर मामलों में आरोपी था और वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में भी नामजद रहा है। लंबे समय से उसकी आपराधिक गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं। उसकी हत्या को पुरानी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
Read More : आज से ‘सेवा तीर्थ’ से चलेगी ‘मोदी सरकार’, प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन,आधुनिक PMO को देख दंग रह जाएंगे आप
घेरकर की गई अंधाधुंध फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही शोएब वहां पहुंचा, बदमाशों ने उसे घेर लिया और लगातार गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने शुरू की व्यापक जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और आपराधिक लिंक खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रदेश में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस हत्याकांड ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।













