M.P News : भोपाल में शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन, परिवार संग किया पौधारोपण, सेवा के नए संकल्प का ऐलान

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपना जन्मदिन सादगी और सेवा के संकल्प के साथ मनाया। इस मौके पर उन्होंने सुबह अपने परिवार के साथ भोपाल के स्मार्ट सिटी क्षेत्र में पौधारोपण किया।इसके बाद उनके निवास ‘मामा का घर’ पर बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आम नागरिक उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।

पौधारोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन्मदिन के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके जन्मदिन पर बैनर और पोस्टर लगाने के बजाय एक पौधा लगाकर उसकी तस्वीर साझा करें।उन्होंने कहा कि यही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार होगा और इससे पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।

दिव्यांगों को बैटरी ट्राइसाइकिल भेंट

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र के दिव्यांग भाई-बहनों को बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल भी भेंट की।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन पहले से ही जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करते हैं। ऐसे में यह ट्राइसाइकिल उनके जीवन को थोड़ा आसान बना सकती है और वे चाहें तो इससे स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं।

मोबाइल हेल्थ वैन और मुफ्त कोचिंग का ऐलान

शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए कई नई सामाजिक पहल की घोषणा भी की।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चलित स्वास्थ्य वाहन (मोबाइल हेल्थ वैन) शुरू की जाएगी, जिसमें डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा। इस वाहन के जरिए लोगों को गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और जरूरतमंदों को दवाइयां भी दी जाएंगी।इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए निशुल्क और उच्च स्तरीय कोचिंग संस्थान शुरू करने की योजना भी बनाई गई है, ताकि पैसे की कमी के कारण कोई भी छात्र अच्छी शिक्षा से वंचित न रहे।

“लोगों का भला करना ही प्रेम का सबसे अच्छा तरीका”

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जन्मदिन का मतलब यह है कि जीवन का एक साल और कम हो गया। इसलिए अब यह सोचना जरूरी है कि बचे हुए समय में हम समाज और लोगों के लिए कितना अच्छा कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि सभी से प्रेम करना चाहिए और प्रेम को व्यक्त करने का सबसे अच्छा तरीका लोगों की सेवा और भलाई करना है।

विदेशों में फंसे भारतीयों को लेकर दिया बयान

मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों के बारे में भी उन्होंने कहा कि भारत सरकार लगातार संपर्क में है और सभी नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाने की तैयारी की जा रही है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की स्थिति में सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *