Sehore College Dispute : सीहोर ब्रेकिंग: कॉलेज परिसर में प्राचार्य की दबंगई का आरोप, NSUI ने कोतवाली चौराहे पर जताया विरोध

VIKASH KHALKHO

Sehore College Dispute : सीहोर। शहर का प्रतिष्ठित चंद्रशेखर आजाद कॉलेज शुक्रवार को उस समय जंग के मैदान में तब्दील हो गया जब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्राचार्य के बीच जमकर विवाद हुआ। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र संगठन और कॉलेज प्रबंधन, दोनों ही पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने पहुंच गए।

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एनएसयूआई के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ भविष्य के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के प्राचार्य रोहितास शर्मा वहां पहुंचे और छात्र संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर से चर्चा करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान ही मामला बिगड़ गया और प्राचार्य अचानक उग्र हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्राचार्य छात्र संगठन के पदाधिकारियों पर जोर-जोर से चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं।

प्राचार्य के इस व्यवहार से आक्रोशित एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र संगठन का आरोप है कि प्राचार्य का व्यवहार किसी शिक्षक या प्रशासनिक अधिकारी की गरिमा के अनुरूप नहीं था। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौराहे पर प्राचार्य रोहितास शर्मा का पुतला दहन किया और नारेबाजी की। साथ ही, एसपी को ज्ञापन सौंपकर प्राचार्य के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

दूसरी ओर, कॉलेज प्रबंधन ने भी चुप्पी तोड़ते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्राचार्य सहित कॉलेज का पूरा स्टाफ कोतवाली थाने पहुंचा और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और दुर्व्यवहार करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध की जा रही गतिविधियों को टोकने पर छात्रों ने अभद्रता की।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने कॉलेज की साख पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *