SP Anjaneya Varshney : गौरी शंकर गुप्ता/सरिया: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) आंजनेय वार्ष्णेय (IPS) ने रविवार को थाना सरिया का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और थाने के दस्तावेजी रिकॉर्ड का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे कर्तव्य के दौरान पूरी तरह अनुशासित रहें और थाने आने वाली आम जनता के साथ शालीन व मधुर व्यवहार बनाए रखें।
निरीक्षण की शुरुआत कमांडर प्रमोद यादव के नेतृत्व में आयोजित आकर्षक परेड से हुई। एसपी ने परेड में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों के टर्न आउट (वेशभूषा) की जांच की। बेहतरीन और व्यवस्थित वेशभूषा धारण करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए एसपी ने उन्हें मौके पर ही पुरस्कृत किया। इसके पश्चात उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की व्यवस्था देखी और स्वच्छ वातावरण की सराहना की।
प्रशासनिक जांच के क्रम में एसपी ने मालखाना, सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष, बंदीगृह, रिकॉर्ड रूम और विवेचक कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध पंजी, मर्ग रिकॉर्ड और जप्ती माल से जुड़े रजिस्टरों का बारीकी से मिलान किया। लंबित अपराधों, शिकायतों और समंस-वारंट की तामिली की समीक्षा करते हुए एसपी ने निर्देश दिए कि सभी पेंडिंग मामलों का समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ‘भेंटवार्ता’ कर कर्मचारियों से उनकी ड्यूटी और उसमें आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच उनके व्यवहार से बनती है, इसलिए सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया जाए।
इस वार्षिक निरीक्षण के अवसर पर सरिया थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि मोतीलाल डनसेना, सउनि सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, टीकाराम, मोहन गुप्ता सहित थाने का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। एसपी के इस दौरे से थाने की कार्यप्रणाली में कसावट आने और पेंडिंग मामलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।











