Rewa Police Training Center : रीवा (27 फरवरी 2026): मध्य प्रदेश के रीवा स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में प्रशिक्षण ले रहे 6 नव आरक्षकों के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाना मुसीबत बन गया है। वर्दी की गरिमा के खिलाफ जाकर मस्ती भरे अंदाज में वीडियो पोस्ट करने पर पीटीएस एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है।
DocScanner Feb 25, 2026 8-16 PM
क्या था वायरल रील में? सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस रील में 6 नव आरक्षक एक साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में एक संवाद (डायलॉग) चल रहा है, जिसमें वे कहते दिख रहे हैं कि— “शक्ल अच्छी नहीं है तो क्या हुआ, सरकारी नौकरी तो है न… पैसा नहीं है तो क्या हुआ, मंथली तो आता है न… कपड़े नहीं तो क्या हुआ, वर्दी तो है न।” देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया।
अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना कृत्य वीडियो संज्ञान में आते ही पीटीएस एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है। नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल द्वारा पूर्व में ही सख्त निर्देश दिए गए थे कि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या वर्दी में रील नहीं बनाएगा। इसके बावजूद प्रशिक्षण ले रहे इन आरक्षकों ने नियमों का उल्लंघन किया, जिससे विभाग की छवि आम जनता के बीच धूमिल हुई है।
कार्रवाई की तैयारी एसपी ने नोटिस जारी कर सभी 6 नव आरक्षकों से जवाब तलब किया है कि क्यों न उनके इस कृत्य के लिए उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। पुलिस विभाग का मानना है कि प्रशिक्षण के दौरान ही इस तरह की लापरवाही भविष्य के लिए गलत उदाहरण पेश करती है। अब इन आरक्षकों के जवाब के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।











