Rewa News : रीवा : युवाओं में सोशल मीडिया पर फेमस होने का जुनून किस कदर हावी है, इसका एक और मामला रीवा से सामने आया है। यहां एक युवक ने कानून की परवाह किए बगैर पिस्टल के साथ कई वीडियो बनाकर वायरल कर दिए हैं। इन वीडियो में वह किसी गैंगस्टर की तरह जीप और बुलेट पर बैठकर अपना ‘टशन’ दिखाता नजर आ रहा है।
Rewa News : वायरल वीडियो में, ‘शैलू बिछिया’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किए गए एक वीडियो में युवक एक जीप के बोनट पर बैठकर खुलेआम पिस्टल लहरा रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में वह बुलेट पर सवार होकर पिस्टल दिखा रहा है।
वीडियो देखकर लगता है कि युवक किसी गैंगस्टर से प्रभावित होकर उनकी नकल कर रहा है। इन वीडियो में न सिर्फ हथियार का प्रदर्शन किया गया है, बल्कि यातायात नियमों का भी उल्लंघन साफ नजर आ रहा है। यह सब देखकर ऐसा लगता है मानो उसे पुलिस का कोई खौफ ही न हो।
वीडियो वायरल होने के बाद, अब पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने युवक की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है और उसे पकड़ने के बाद उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।











