Rewa Land Dispute : रीवा। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोचट गांव में एक अजीबोगरीब जमीनी विवाद सामने आया है। यहाँ मुनाफे के लालच में एक भू-स्वामी ने उन लोगों के लिए ही मुश्किलें खड़ी कर दी हैं, जिन्हें उसने खुद जमीन बेची थी। अब वह खरीदारों के निजी प्लॉट से जबरन आम रास्ता निकालने का दबाव बना रहा है, जिससे इलाके में विवाद की स्थिति बनी हुई है।

25 फीट का रास्ता बंद कर बनाया नाला पीड़ित दिलीप त्रिपाठी और राजीव मिश्रा सहित करीब एक दर्जन लोगों ने बताया कि उन्होंने संजीव शुक्ला से जमीन खरीदी थी। सौदा करते समय 25 फीट का रास्ता देने का वादा किया गया था, जिसका उपयोग लोग लंबे समय से कर रहे थे। लेकिन अब संजीव शुक्ला और उसके साथी राजीव मिश्रा के निजी प्लॉट के बीच से नया रास्ता निकालने के लिए दबाव डाल रहे हैं। विरोध करने पर दबंगों ने पुराने रास्ते को खोदकर नाला बना दिया, जिससे लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है।
पीछे की जमीन बेचने के लिए रची साजिश पीड़ितों का आरोप है कि भू-स्वामी संजीव शुक्ला की करीब 4 एकड़ जमीन उनके प्लॉट के पीछे स्थित है। इस जमीन का सौदा उन्होंने किसी बड़े जमीन व्यवसाई (बिल्डर) से किया है। उस नई जमीन को रास्ता देने के लिए आरोपी अब पुराने खरीदारों की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। स्थानीय और दबंग होने के कारण आरोपी लगातार गाली-गलौज और डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं।
अधिकारियों की चौखट पर न्याय की गुहार मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने चोरहटा थाना और एसडीएम कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से यह जमीन खरीदी थी, लेकिन अब उन्हें ही अपनी संपत्ति पर खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके रास्ते को बहाल किया जाए।
अब देखना यह होगा कि राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन इस दबंगई पर क्या लगाम लगाता है और पीड़ितों को इंसाफ कब तक मिलता है।











