Shahdol Finance Fraud: SECL रिटायर्ड कर्मचारियों की गाढ़ी कमाई पर ठगी का आरोप GNS फाइनेंस कंपनी के 5 लोगों पर FIR, पुलिस ने शुरू की जांच

Anuj Nirala

Shahdol Finance Fraud: शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में निवेश पर ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने GNS फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, उनकी पत्नी समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सबसे अधिक प्रभावित SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के सेवानिवृत्त कर्मचारी सामने आए हैं, जिन्होंने अपनी जीवनभर की बचत बेहतर रिटर्न की उम्मीद में कंपनी में निवेश कर दी थी।

Shahdol Finance Fraud: प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढ़ार थाना क्षेत्र के धनपुरी रोड स्थित खंडेलवाल कॉम्प्लेक्स में संचालित GNS फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों और एजेंटों ने निवेशकों को आकर्षक योजनाओं का लालच दिया था। कंपनी की ओर से दावा किया गया था कि निवेश की गई राशि को मुंबई स्थित प्रतिष्ठित निवेश संस्थानों में लगाया जाएगा और निवेशकों को हर महीने बेहतर ब्याज मिलेगा। इसके साथ ही पांच वर्षों में रकम दोगुनी होने का भरोसा भी दिलाया गया था।

READ MORE: MP में बदलेंगे अनुकंपा नियुक्ति के नियम, नौकरी खत्म करना होगा मुश्किल, मोहन सरकार कर रही नई तैयारी

Shahdol Finance Fraud: इन्हीं दावों के आधार पर सरईकापा निवासी संतोष वर्मन, मोहन सिंह सहित कई लोगों ने लाखों रुपये कंपनी में जमा कर दिए। शुरुआत में कंपनी द्वारा कुछ महीनों तक निवेशकों को नियमित ब्याज का भुगतान किया गया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ता गया और अन्य लोगों ने भी निवेश करना शुरू कर दिया। लेकिन बाद में कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया।

Shahdol Finance Fraud: निवेशकों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी मूल राशि वापस मांगी, तो उन्हें टालमटोल किया गया और कुछ मामलों में डराने-धमकाने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से संपर्क कर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

Shahdol Finance Fraud:पुलिस जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान पता चला कि कंपनी संचालकों ने विभिन्न निवेशकों से अलग-अलग बैंक खातों में राशि जमा कराई थी और दावा किया था कि उनकी ओर से ट्रेडिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में मामला धोखाधड़ी का प्रतीत होने पर पुलिस ने सुखनंदन यादव, सरोज यादव, मुकेश यादव, विजय पाल और मोहम्मद अमीम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Shahdol Finance Fraud: एफआईआर के अनुसार यह कथित धोखाधड़ी 6 दिसंबर 2024 से 16 मई 2026 के बीच की अवधि में हुई बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Shahdol Finance Fraud: इस पूरे मामले को लेकर शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कम समय में अधिक मुनाफा देने का लालच अक्सर लोगों को आर्थिक नुकसान की ओर धकेल देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ भी इस प्रकार की धोखाधड़ी हुई है, तो वह बिना किसी भय के पुलिस के पास आकर शिकायत दर्ज कराए।

Shahdol Finance Fraud: एसपी ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की गई थी, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसी आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

READ MORE: MP News: भोपाल में बच्चों के अस्पताल के सामने अचानक फटी गैस पाइपलाइन, कुछ ही मिनटों में मचा हड़कंप!

Shahdol Finance Fraud: फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित निवेश घोटाले में कुल कितनी राशि जुटाई गई, कितने लोग प्रभावित हुए और आरोपियों का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *