नरसिंहपुर/भोपाल। Nishaanebaz.com-MP School Maintenance Education Minister Statement: मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ा बयान दिया है। नरसिंहपुर पहुंचे शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही प्रदेश के सभी जर्जर स्कूल भवनों का मेंटेनेंस शुरू कराया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी, वहां नए भवनों का निर्माण होगा।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत आयोजित की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में कम आवेदनों को देखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 सितंबर 2026 कर दी गई है तथा ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प देने का निर्णय लिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश में लगातार स्कूल बंद होने के दावों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 375 संदीपनी विद्यालयों में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को मर्ज किए जाने तथा शून्य दर्ज संख्या (जीरो एनरोलमेंट) के कारण कुछ स्कूलों को अस्थाई रूप से बंद किया गया है।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगर किसी बंद पड़े स्कूल में भविष्य में 5 बच्चे भी दाखिला लेना चाहेंगे, तो उस स्कूल को तुरंत पुनः संचालित कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2 वर्षों के भीतर मध्य प्रदेश का कोई भी स्कूल भवन जर्जर नहीं रहेगा और सभी स्कूलों में बिजली कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग को फंड जारी कर दिया गया है। मई 2026 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के तहत 1998 से 2009 के बीच नियुक्त लगभग डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए TET परीक्षा पास करना अनिवार्य किया गया है। 3 सितंबर की रात तक केवल 12 हजार आवेदन मिलने के कारण स्कूल शिक्षा विभाग और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने तिथि बढ़ाने का फैसला किया।
कंप्यूटर संचालन में असहजता की शिकायत लेकर शिक्षक संगठनों ने मंत्री और लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात कर ऑफलाइन मोड की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।






