टीकमगढ़ (रिपोर्ट: जमील खान)। Nishaanebaz.com-Tikamgarh Chandpura Crematorium Road Issue: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले की ग्राम पंचायत चंदपुरा में बुधवार को प्रशासन और स्थानीय पंचायत की दावों की पोल खोलती हुई एक दुखद तस्वीर सामने आई है। गांव में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) तक जाने के लिए पक्का रास्ता न होने के कारण ग्रामीणों को मूसलाधार बारिश के बीच खड़ी फसल और गहरे कीचड़ भरे खेतों से होकर अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाना पड़ा। प्रशासनिक उपेक्षा के कारण परिजनों और गांव वालों को फिसलन भरे खतरनाक रास्ते पर शव को कंधे पर रखकर जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ जमुना अहिरवार की माताजी के निधन के बाद यह दुखद स्थिति उत्पन्न हुई। जब ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम की ओर बढ़े, तो रास्ता न होने के कारण उन्हें खेतों के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि मुक्तिधाम तक जाने के लिए न तो पक्की सड़क बनाई गई है और ना ही अंतिम संस्कार स्थल पर शेड या समुचित चबूतरे की व्यवस्था है। बारिश के मौसम में स्थिति बेहद अपमानजनक और कष्टदायक हो जाती है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव और जनपद पंचायत के अधिकारियों को ज्ञापन देकर मुक्तिधाम तक पक्का रास्ता और चबूतरा बनवाने की गुहार लगाई जा चुकी है।
हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। इस घटना के बाद से चंदपुरा के ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तुरंत समाधान कर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।






