निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को हाल ही में मिली जान से मारने की धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ा कदम उठाया है। बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है।
वॉइस नोट से हुई पहचान
जांच एजेंसियों के अनुसार रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम को भेजा गया धमकी भरा वॉइस नोट हेरी बॉक्सर की आवाज में था। धमकी में अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्मकार रोहित शेट्टी को जान से मारने की बात कही गई थी। साथ ही 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग भी की गई।
इंटरनेशनल नंबर से आया कॉल
पुलिस जांच में सामने आया है कि धमकी इंटरनेशनल नंबर से दी गई थी, जिसकी लोकेशन अमेरिकी क्षेत्र यूएस वर्जिन आइलैंड्स के आसपास बताई गई है। मुंबई पुलिस इस नंबर की सटीक लोकेशन और तकनीकी डिटेल्स खंगाल रही है। पंजाब और हरियाणा पुलिस की मदद से वॉइस सैंपल की पुष्टि की गई है।
Read More : जन्मदिन पर ट्रेंड कर रहे CM साय, सोशल मीडिया पर छाए, ‘लोकप्रिय मुख्यमंत्री’ हैशटैग X पर नंबर-1 ट्रेंड
एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने और भारत लाने के लिए सभी कानूनी और अंतरराष्ट्रीय उपाय अपनाए जाएंगे।
रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी के बाद रणवीर सिंह के घर और शूटिंग लोकेशन्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभिनेता और उनकी टीम को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लुक आउट सर्कुलर जारी होने को आरोपी की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













