Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Raisen News: रायसेन में सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा,...

Raisen News: रायसेन में सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप और नकदी बरामद

Raisen News: रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, पेन ड्राइव समेत अन्य सामान बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पठारी भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच अभी भी जारी है।

शादी में गए परिवार के घर को बनाया निशाना

Raisen News: पुलिस के अनुसार, फरियादी उमेश कुमार शर्मा (46), जो सेंट्रल स्कूल में शिक्षक हैं, वर्तमान में रायसेन के यशवंत नगर वार्ड क्रमांक-12 में रहते हैं। उन्होंने 26 जून को कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत में उन्होंने बताया कि 15 जून को वह अपने परिवार के साथ सिलवानी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। करीब दस दिन बाद 25 जून की रात जब वे घर लौटे तो मकान का मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर जाकर देखा तो घर के दरवाजों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर, करीब 45 हजार रुपये नकद, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य कीमती सामान चोरी होना पाया गया।

Rewa Free Hearse Service: रीवा में निःशुल्क शव वाहन सेवा की खुली पोल, चार एंबुलेंस होने के बावजूद छह घंटे तक भटकते रहे परिजन; व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता

Raisen News: मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

पूछताछ में कबूला जुर्म

Raisen News: जांच के दौरान पुलिस ने राकेश कुशवाह (46) निवासी घाटमपुरा, मुकेश बंजारा (26) निवासी मुखर्जी नगर और छोटू उर्फ नरेश रैकवार (27) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप और पेन ड्राइव बरामद

Raisen News: आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने के दो कनछेड़ी, दो झुमकी, एक झाला सहित अन्य आभूषण, चांदी के जेवर, चोरी किया गया लैपटॉप और एक पेन ड्राइव शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य चोरी गए सामान की भी तलाश की जा रही है।

आदतन अपराधी निकले तीनों आरोपी

Raisen News: पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी चोरी की कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनका किसी अन्य चोरी की घटनाओं से संबंध तो नहीं है।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

Raisen News: गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पठारी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Rewa News: रीवा में रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ पटवारी, महिला बोली- कर्ज लेकर पैसे दिए हैं, मेरा काम जरूर कर दीजिए; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here