Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे की प्रतिबंधित गोलियों की बिक्री के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद असजद (30) के रूप में हुई है। वह डंगनिया क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी का निवासी है। पूछताछ में उसने गोलियां ओडिशा से लाने की बात कही है। पुलिस को उसके पास इन दवाओं को रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।
ग्राहक की तलाश में था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को सूचना मिली थी कि महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) में मामला दर्ज किया।
ओडिशा से कहां से आई खेप? सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीली गोलियां किसने उपलब्ध कराईं और वह इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। आरोपी से पूछताछ के जरिए सप्लाई नेटवर्क, परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में दूसरे आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर में नशे के मामलों में 207 आरोपी गिरफ्तार
Raipur News: पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। इन मामलों में गांजा, प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल कीमत 7.19 करोड़ रुपये से अधिक है।