Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में हार के बाद बीजेपी का दिल्ली मंथन, नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की अहम बैठक संभव

Anuj Nirala

Datia Bypoll: भोपाल/नई दिल्ली। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हार के कारणों की गहन समीक्षा शुरू कर दी है। चुनाव खत्म होने के बावजूद पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल लगातार जारी है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर चल रहा है और अब केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी है। इस बैठक में प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और दतिया से भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, देंगे हार का फीडबैक

सूत्रों के अनुसार, दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा दिल्ली पहुंच चुके हैं। यहां वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान वे चुनावी हार के कारणों, स्थानीय संगठन की स्थिति और चुनाव अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत फीडबैक देंगे।इसके अलावा वे चुनाव के दौरान सामने आए मुद्दों और अपने पक्ष को भी केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख सकते हैं।

MP Congress: दतिया जीत का कांग्रेस ने दिया इनाम, अवधेश नायक बने प्रदेश महासचिव, जीतू पटवारी ने जारी किया नियुक्ति पत्र

भीतरघात के आरोप और संगठनात्मक फैसलों पर होगी चर्चा

Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव के बाद भाजपा के अंदर भीतरघात को लेकर उठे आरोप लगातार चर्चा में हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद दतिया भाजपा की कार्यकारिणी भंग किए जाने और कई पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने जैसे फैसलों ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि हार के पीछे संगठनात्मक कमजोरी, स्थानीय असंतोष या अन्य कौन-कौन से कारण जिम्मेदार रहे।

आशुतोष तिवारी भी पहुंच सकते हैं दिल्ली

जानकारी के मुताबिक, दतिया से भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी भी दिल्ली जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वे भी चुनावी अनुभव और स्थानीय परिस्थितियों से जुड़े अपने सुझाव केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे।

दिल्ली में पहले से मौजूद हैं मुख्यमंत्री मोहन यादव

Datia Bypoll: इधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पहले से दिल्ली दौरे पर हैं। राजनीतिक हलकों में उनके इस दौरे को भी दतिया उपचुनाव के परिणाम और संगठनात्मक चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है।हालांकि, इन संभावित बैठकों को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

MP Politics: दतिया जीत के बाद जीतू पटवारी का प्रशासन पर हमला, बोले- ‘एसपी-कलेक्टर ने CM से जिताने का ठेका लिया था क्या?’

हार के कारण तलाशने में जुटी भाजपा

Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा अब संगठन को मजबूत करने और भविष्य की चुनावी रणनीति तय करने में जुट गई है। पार्टी नेतृत्व का फोकस केवल हार के कारणों का पता लगाने पर ही नहीं, बल्कि संगठन के भीतर समन्वय बढ़ाने और कार्यकर्ताओं का विश्वास मजबूत करने पर भी है।

अब राजनीतिक गलियारों की नजर दिल्ली में होने वाली इन बैठकों पर टिकी है। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद दतिया संगठन और प्रदेश भाजपा में कुछ अहम फैसले सामने आ सकते हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *