रायपुर : राजधानी रायपुर में नगर निगम के एक फैसले ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है। तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव के पाथवे क्षेत्र को पार्किंग स्थल घोषित किए जाने के बाद मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वालों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नागरिकों का आरोप है कि फुटपाथ को पार्किंग में बदलना जनहित के खिलाफ है।
पार्किंग शुल्क तय होने के बाद भड़का विरोध
नगर निगम द्वारा तेलीबांधा तालाब के पाथवे क्षेत्र में पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है। तय नियमों के अनुसार चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 20 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 12 घंटे का शुल्क 10 रुपये रखा गया है। जैसे ही यह फैसला सामने आया, स्थानीय लोगों और नियमित वॉकर्स ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
मॉर्निंग वॉकर्स ने लगाए बैनर
विरोध के स्वर तेज होते ही तेलीबांधा तालाब परिसर में बैनर लगाए गए। मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वाले श्यामलाल साहू, विनीत सहित अन्य नागरिकों ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों द्वारा फुटपाथ पर पार्किंग शुल्क वसूलने का निर्णय बेहद अव्यवहारिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब मॉर्निंग वॉक करने वालों से भी पैसे वसूले जाएंगे।

पहले भी हो चुका है ऐसा प्रयास
विरोध कर रहे नागरिकों ने याद दिलाया कि इससे पहले भी नगर निगम द्वारा इसी तरह का फैसला लिया गया था, जिसे जनता के दबाव के बाद वापस लेना पड़ा था। उनका कहना है कि निगम बार-बार वही गलती दोहरा रहा है, जिससे आम लोगों की सुविधा प्रभावित हो रही है।
Read More : रायपुर : पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद तगड़ा एक्शन! अपहरण-रेप केस में महिला प्रधान आरक्षक सस्पेंड
नगर निगम कमिश्नर ने जताई अनभिज्ञता
जब इस पूरे मामले पर नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस निर्णय की जानकारी नहीं है। कमिश्नर के इस बयान के बाद निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
2021 का विवाद फिर आया चर्चा में
गौरतलब है कि जुलाई 2021 में भी नगर निगम ने तेलीबांधा तालाब घूमने आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलने का आदेश जारी किया था। हालांकि, उस समय बढ़ते विरोध को देखते हुए तत्कालीन महापौर एजाज ढेबर ने आदेश को वापस ले लिया था।
नागरिकों ने फैसले पर पुनर्विचार की मांग की
स्थानीय लोगों और वॉकर्स ने नगर निगम से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि मरीन ड्राइव स्वास्थ्य और सुकून के लिए जाना जाता है, न कि पार्किंग स्थल के रूप में।











