रायपुर हाइपर क्लब में देर रात बवाल! मामूली बात पर मारपीट, ‘हाय’ बोलने पर भिड़े युवक-युवती

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क (रायपुर): राजधानी रायपुर के चर्चित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामूली सी बात से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के VIP रोड स्थित हाइपर क्लब का है।

 ‘हाय’ बोलने पर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, क्लब में पार्टी के दौरान एक युवक ने एक युवती को ‘हाय’ कहा, जिस पर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

Read more : CG News: अगर आप है छत्तीसगढ़ के अफसर-कर्मचारी, तो कर लें ये 3 कोर्स, वर्ना भूल जाइए अप्रैल की सैलरी

पुलिस के सामने भी नहीं थमा बवाल

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला और बढ़ चुका था। दोनों पक्ष क्लब से बाहर निकलकर पार्किंग एरिया में पहुंच गए, जहां उन्होंने एक-दूसरे को गालियां देते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी युवक-युवतियां आपस में भिड़ते रहे।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे क्लब के अंदर और बाहर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्लबों में बढ़ते विवाद पर चिंता

रायपुर में क्लब संचालन को लेकर पहले से ही नियम तय हैं, बावजूद इसके लगातार उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं। लेट नाइट पार्टियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन हालात में खास सुधार नजर नहीं आ रहा।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

हाइपर क्लब में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां मारपीट और गोली चलने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर बार सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन क्लबों में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *