Wednesday, September 2, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Crime: पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, आरोपी कांकेर...

Raipur Crime: पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, आरोपी कांकेर से गिरफ्तार, निकाला जुलूस

Raipur Crime
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल को कांकेर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

Raipur Crime: पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 की रात शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास एक गली में ले गया। वहां उसने अपने दो साथियों को बुलाया। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने शुभम से गाली-गलौज और मारपीट की।

आरोप है कि अजय रक्सेल ने जान से मारने की नीयत से शुभम पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से उसके दोनों पैरों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

शुभम की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कांकेर से पकड़ा गया आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी माध्यमों से भी आरोपियों की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान मुख्य आरोपी अजय रक्सेल के कांकेर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम कांकेर पहुंची और लगातार तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित की दोपहिया गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद किया है।

Raipur Crime: पहले भी दर्ज हैं मामले

Raipur Crime: पुलिस के अनुसार, अजय रक्सेल पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2022 में तेलीबांधा थाना और 2023 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में उसे गिरफ्तार किया गया था। मामले में शामिल अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here