रायपुर/बिलासपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। रायपुर में पिछले 15 दिनों में वीआईपी रोड, घड़ी चौक, टाटीबंध और भाठागांव सहित विभिन्न स्थानों पर रात 11 बजे से 2 बजे तक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 91 वाहन चालक पकड़े गए।
रायपुर एसएसपी के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक कुल 1277 ड्रंक एंड ड्राइव प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 532 वाहन चालकों का लाइसेंस निलंबित किया गया। सभी आरोपी चालक 10 से 15 हजार रुपए तक अर्थदंड से दंडित किए गए।
बिलासपुर जिले में भी पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने 610 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। अब बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों का लाइसेंस ऑटोमेटिक रूप से निरस्त किया जाएगा। शहर में लगे 550 से अधिक ITMS कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए यह अभियान अपराध और सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए चलाया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और भी कड़ी होगी।











