इंदौर में बारिश का कहर : इंदौर। शहर में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं।
इंदौर में बारिश का कहर : इसी कड़ी में, कृष्णपुरा पुल के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही एमजी रोड थाना पुलिस, नगर निगम की टीम और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पानी का बहाव काफी तेज होने के बावजूद, बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान नदी-नालों से दूर रहें और सावधानी बरतें।
यशवंत सागर के दो गेट खोले गए
शहर में हो रही लगातार बारिश के कारण यशवंत सागर तालाब का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अब तक यशवंत सागर के दो गेट खोल दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर और गेट भी खोले जा सकते हैं।













