Raigarh Excise Raid: रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन आघात, भूपदेवपुर, पुसौर और लैलूंगा में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

Raigarh Excise Raid: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिला पुलिस कप्तान एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस इन दिनों अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ काल बनकर टूट रही है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष “ऑपरेशन आघात” के तहत कल अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान भूपदेवपुर, पुसौर और लैलूंगा पुलिस ने कुल 31.155 लीटर अवैध देशी, विदेशी और महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।

हाईवे किनारे पान ठेले की आड़ में बिक रही थी शराब

यह पहली बड़ी सफलता भूपदेवपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को मिली है। पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि ग्राम चारभांठा के पास एनएच-49 हाईवे के किनारे स्थित एक पान ठेले में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ग्राम चारभांठा निवासी दामोदर चौहान के घर और पान ठेले पर दबिश दी।

इस रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी दामोदर चौहान (62 वर्ष) के कब्जे से कुल 15.155 लीटर देशी और नामी कंपनियों की विदेशी शराब बरामद की। इस जप्त शराब में हंटर बीयर, मेडुसा बीयर और गोवा स्पेशल व्हिस्की शामिल हैं। जप्त शराब की कुल कीमत 5840 रुपये आंकी गई है। वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी दामोदर चौहान को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका एक अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुसौर और लैलूंगा में महुआ शराब के साथ आरोपी दबोचे

इसके साथ ही अवैध शराब के खिलाफ दूसरा एक्शन पुसौर थाना क्षेत्र में देखने को मिला। पुसौर पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि ग्राम तडोला चौक के पास एक व्यक्ति हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापा मारा और आरोपी नरेश भाष्कर (34 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी ने कबूल किया कि वह इसे बेचने के लिए वहां खड़ा था।

इसी तरह की तीसरी कार्रवाई लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने ग्राम माड़ो के जंगल पगडंडी मार्ग में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए तगड़ी घेराबंदी की थी। इसी दौरान एक व्यक्ति हाथ में सफेद रंग का झोला लेकर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम शनिराम पैंकरा (54 वर्ष) बताया। झोले की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक जरीकेन के भीतर कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब मिली जिसे पुलिस ने तत्काल जप्त कर लिया।

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पुसौर पुलिस और लैलूंगा पुलिस ने इन दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की गैर जमानती धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इसके बाद सभी पकड़े गए आरोपियों को स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर और उनके हमराह स्टाफ की मुख्य भूमिका रही है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ऑपरेशन आघात आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share The News
[youtube_shorts]

Popular News

CG Transfer Breaking : वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, 21 कर्मचारियों का तबादला

CG Transfer Breaking :रायपुर। राज्य शासन के वाणिज्यिक कर...

Raipur Police Commissioner: IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने संभाला पुलिस आयुक्त का पदभार… जानिए क्या कुछ कहा

Raipur Police Commissioner:रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के...

Related Articles

Popular Categories