रायपुर। Nishaanebaz.com-India vs Zimbabwe T20 Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच रोमांचक T20 सीरीज खेली जाने वाली है। इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीन मुकाबले आगामी 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित होंगे। मैचों के दौरान देश-विदेश से आने वाले दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और अन्य प्रबंधों को लेकर बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अन्य सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समय पर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सुरक्षा और मैच के निर्बाध संचालन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को दी गई है। मैचों के दौरान स्थानीय स्तर पर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक ‘लोकल सपोर्ट कमेटी’ भी गठित की गई है।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार टिकटों की बिक्री पूरी तरह ऑनलाइन (ई-टिकट) होगी। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान ई-टिकटों की त्वरित स्कैनिंग सुनिश्चित करने के लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दर्शकों को उनकी टिकट के अनुपात में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम करेगी।
Read More : Mahasamund News:आपसी विवाद में चाकूबाजी, अस्पताल संचालक की गर्दन पर किए तीन वार; भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्टेडियम के आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की गई है और मैच के दौरान परिसर में एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। आपातकालीन चिकित्सा सहायता और वीवीआईपी आवागमन के लिए एक ‘ग्रीन कॉरिडोर’ का रूट भी पहले से निर्धारित कर लिया गया है। इस बैठक में पुलिस कमिश्नर, परिवहन सचिव, खेल विभाग के अधिकारी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए, जिन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया।






