Mahasamund News:महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने के दौरान मामला हिंसक हो गया। लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर ने उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए, जबकि जांघ पर भी चाकू से चोट पहुंचाई गई। घायल अवस्था में भाग रहे परमानंद का पीछा कर धमकी देने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
रास्ते में रोकने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत 6 अक्टूबर की रात अस्पताल स्टाफ राकेश साहू को रास्ते में रोकने के बाद हुई। खाना खाने के बाद लौट रहे राकेश को अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने रोककर अपने साथ चलने के लिए कहा। राकेश के मोटरसाइकिल पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई।
इसके बाद राकेश ने अस्पताल संचालक परमानंद साहू को फोन कर मौके पर बुलाया। अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंचा। दोनों पक्षों को समझाइश देने के बाद उस समय विवाद शांत हो गया।
अस्पताल में हुई विवाद सुलझाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर ने फोन कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा और राकेश व टिकेश्वर से घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली।
शिकायत के अनुसार, राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों से बातचीत की और हरि ध्रुव से माफी मांगकर विवाद खत्म करने की बात कही। आरोप है कि हरि ध्रुव ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद सुलझाने के लिए सभी पक्षों को अस्पताल के सामने बुलाया गया।
हॉस्टल के पास विवाद ने लिया हिंसक रूप
रात करीब 9:30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
इसी दौरान हरि ध्रुव परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला करने लगा। आरोप है कि उनकी गर्दन पर तीन वार किए गए और जांघ पर भी चाकू से हमला किया गया। घायल परमानंद जान बचाने के लिए मौके से भागने लगे।
पीछा कर धमकी देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, हमले के बाद हरि ध्रुव, राजेश सिंह ठाकुर और सुरेश मिरी ने घायल का पीछा किया और उसे धमकी दी। इसी दौरान राकेश साहू और टिकेश्वर साहू वहां पहुंचे और घायल को आरोपियों से बचाकर मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद परमानंद साहू ने तुमगांव थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
Mahasamund News:पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






