शहर के गड्ढे बन रहे मासूमों के लिए जानलेवा, एक की मौत, दो भर्ती – स्थानीय लोगों में रोष

Parivesh
शहर के गड्ढे बन रहे मासूमों के लिए जानलेवा,

रायपुर : नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ी है। शहरभर में खुले छोड़ दिए गए गड्ढे अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। बीते  दिनों में  इलाकों में ऐसे गड्ढों में गिरकर  3 बच्चे घायल हुए, जिनमें से एक सात वर्षीय बालक दिव्यांश कुम्हार की मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

गुलमोहर पार्क कॉलोनी में दर्दनाक हादसा

रामनगर स्थित गुलमोहर पार्क कॉलोनी में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। यहां ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के पास चार महीने पहले सिवरेज टैंक के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन न तो गड्ढे को ढका गया और न ही कोई चेतावनी चिन्ह लगाए गए। लापरवाही का अंजाम यह हुआ कि तीन मासूम बच्चे उस गड्ढे में गिर पड़े। दुर्भाग्यवश, 7 वर्षीय दिव्यांश कुम्हार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो बच्चों को स्थानीय निवासियों की मदद से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कॉलोनीवासियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और मौके पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे को लेकर कई बार निगम को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने दिव्यांश के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

छत्तीसगढ़ नगर में भी हुआ हादसा

शनिवार को सीतला मंदिर, छत्तीसगढ़ नगर के पास भी इसी तरह की घटना सामने आई। सड़क के बीच बनाए गए एक गहरे गड्ढे में एक बच्चा गिर गया। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने साहस दिखाते हुए गड्ढे में कूदकर बच्चे की जान बचा ली। यह पूरी घटना CCTV में कैद हुई है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

रायपुर शहर में तेजी से फैल रहे ऐसे असुरक्षित गड्ढों को लेकर अब आम लोगों की चिंता और गुस्सा दोनों चरम पर हैं। नागरिकों का कहना है कि यह प्रशासन की खुली लापरवाही है, और यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी और मासूम की जान जाना तय है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने दिव्यांश के परिजनों से मुलाकात की और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। उपाध्याय ने बताया कि वह जल्द ही नगर निगम कमिश्नर और रायपुर कलेक्टर से मिलकर मुआवजे के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाएंगे।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *