Raigarh Crime: मीना बाजार में हुई दोस्ती, फिर रायपुर पहुंची विवाहिता… होटल में ऐसा क्या हुआ कि पुलिस को करना पड़ा गिरफ्तार?

Sanjay Sahu
Raigarh Crime

Raigarh Crime: रायगढ़। मीना बाजार में हुई मुलाकात के बाद एक विवाहिता युवती से दोस्ती कर उसे रायपुर और रायगढ़ ले जाने और होटल व मकान में बंधक बनाकर रखने के आरोप में चक्रधरनगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने आरोपी पर फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने और 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

3 सितंबर से लापता थी युवती

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को एक महिला ने अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

16 सितंबर को मिली युवती

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 सितंबर को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां युवती आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20), निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के कब्जे में मिली। पुलिस ने युवती को सकुशल मुक्त कराया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मीना बाजार में हुई थी मुलाकात

महिला पुलिस अधिकारी ने युवती का बयान दर्ज किया। युवती के अनुसार, 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार गई थी। वहीं उसकी मुलाकात अज्जू से हुई। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हो गई। युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उस पर रायपुर चलने और होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा।

रायपुर के होटल में रोकने का आरोप

युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे रायपुर ले गया और एक होटल में ठहराया। आरोप है कि वहां उसे होटल से बाहर जाने नहीं दिया गया। इसके बाद वह किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इसकी जानकारी मिली तो वह उसे रायगढ़ रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले गया और एक होटल में रखा।

मकान में भी बंधक बनाने का आरोप

युवती के घर जाने की जिद करने पर आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में ले गया। युवती का आरोप है कि यहां भी उसे बंधक बनाकर रखा गया। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी मीना बाजार में खींची गई उसकी तस्वीरों को वायरल करने और रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी देता था। साथ ही आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसने उस पर 50 हजार रुपये से अधिक खर्च किए हैं और रकम लौटाने तक उसे जाने नहीं देगा।

Raigarh Crime: मोबाइल की जांच कर रही पुलिस

Raigarh Crime: पुलिस ने मकान में दबिश देकर युवती को सकुशल बरामद किया। आरोपी को 16 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *