CSVTU की फार्मेसी परीक्षा : रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) की लापरवाही और परीक्षा केंद्र की बड़ी चूक ने फार्मेसी चौथे सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षा को संकट में डाल दिया। 18 अगस्त को होने वाली फार्माकोलॉजी-1 की परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से ठीक एक सप्ताह पहले ही लीक हो गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने तत्काल परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। अब यह परीक्षा 22 अगस्त को आयोजित होगी।
CSVTU की फार्मेसी परीक्षा : विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अंकित अरोरा ने पेपर लीक की पुष्टि करते हुए बताया कि भिलाई स्थित एमजे कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने 18 अगस्त की परीक्षा के प्रश्नपत्र का पैकेट 11 अगस्त को ही खोल दिया। आश्चर्यजनक रूप से पैकेट पर बड़े अक्षरों में परीक्षा की तिथि और विषय का नाम स्पष्ट लिखा था, बावजूद इसके न केवल पैकेट खोला गया बल्कि तीन गवाहों ने भी बिना जांचे हस्ताक्षर कर दिए। इस प्रक्रिया में कॉलेज के एक प्रोफेसर भी शामिल थे।
इस लापरवाही के कारण पहले से छपे प्रश्नपत्र बेकार हो गए और विश्वविद्यालय को नई सेटिंग व प्रिंटिंग करानी पड़ेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नए प्रश्नपत्र की तैयारी, छपाई और परिवहन पर आने वाला पूरा खर्च एमजे कॉलेज प्रबंधन से वसूला जाएगा। साथ ही, भविष्य में इस कॉलेज को परीक्षा केंद्र न देने पर भी विचार हो रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा पैकेट की डिलीवरी प्रक्रिया में भी चूक हुई। आमतौर पर प्रश्नपत्र परीक्षा के दिन केंद्र प्रतिनिधियों को विश्वविद्यालय से वेरीफाई करके दिए जाते हैं, लेकिन इस बार एमजे कॉलेज के प्रतिनिधि 18 अगस्त का पैकेट पहले ही उठा लाए और बिना तिथि व विषय की पुष्टि किए उसे खोल दिया। मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया और तुरंत परीक्षा निरस्त कर दी गई।













