भोपाल। Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अब सियासत चिट्ठियों तक जा पहुंची है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने उन सांसदों को खुला पत्र लिखा है, जो इस ऑपरेशन को लेकर दुनिया को ब्रीफ करने विदेश दौरे पर जा रहे हैं।
मसूद ने सवाल उठाया है कि यदि विदेश में कोई व्यक्ति आपसे पूछता है कि भारत की सरकार में शामिल मंत्री खुद सेना और सैन्य अधिकारियों को लेकर सवाल उठाते हैं, तो उसका जवाब आपके पास क्या होगा? उन्होंने कहा कि जब आप भारत सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, तो अब आप किसी दल विशेष के नहीं रह जाते। ऐसे में आपको देश की गरिमा और जवाबदेही का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सांसदों के इस प्रतिनिधिमंडल में सभी दलों के नेता शामिल हैं, इसलिए इसमें बीजेपी और कांग्रेस की राजनीति से ऊपर उठकर सोचने की ज़रूरत है। मसूद ने सुझाव दिया कि सांसदों को भारत सरकार से इस बारे में अधिकृत जवाब लेकर ही विदेश जाना चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि मजबूती से रख सकें।
यह पत्र उस समय आया है जब ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक तरफ सरकार की तारीफ हो रही है, तो वहीं सेना पर की गई कुछ विवादित टिप्पणियों को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है।











