Wednesday, October 7, 2026
Home Chhattisgarh NHM Employee Strike : कांग्रेस ने नर्सों को बर्खास्त किया था, स्वास्थ्य...

NHM Employee Strike : कांग्रेस ने नर्सों को बर्खास्त किया था, स्वास्थ्य मंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल पर किया पलटवार….

NHM Employee Strike
NHM Employee Strike

NHM Employee Strike : रायपुर : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही पहले नर्सों पर एस्मा लगाकर उन्हें बर्खास्त किया और उनका वेतन रोका था। इसलिए कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

NHM Employee Strike : हड़ताल खत्म करने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगों पर पहल की जा चुकी है, और कुछ मांगे जो केंद्र सरकार से संबंधित हैं, उनके लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार एनएचएम कर्मचारियों के साथ है और उन्हें अधिक से अधिक लाभ देने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि हड़ताल के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।

आयुष्मान कार्ड के भुगतान पर कांग्रेस पर साधा निशाना

श्याम बिहारी जायसवाल ने आयुष्मान कार्ड से जुड़े अस्पतालों के लंबित भुगतान पर भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 1400 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ा था, जिसे वर्तमान सरकार ने 20 महीनों में चुकाया है। उन्होंने बताया कि जून तक के बिलों का भुगतान कर दिया गया है, और जल्द ही केंद्र से 375 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे कुल 500 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।

शराब घोटाला और अमेरिका से टैरिफ पर प्रतिक्रिया

शराब घोटाले पर ईओडब्ल्यू (EOW) की चार्जशीट पर बोलते हुए मंत्री जायसवाल ने कांग्रेस पर “अपने ही खजाने की डकैती” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी चुनी हुई सरकार ने इस तरह का भ्रष्टाचार किया है।

वहीं, अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर उन्होंने कहा कि भारत अब कमजोर नहीं है और हम झुकेंगे नहीं, भले ही अमेरिका कितना भी टैरिफ लगाए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन ‘कम खा लेंगे, लेकिन झुकेंगे नहीं’ को दोहराया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here