Sakti News: सक्ती में 13 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर खेत में दफनाया शव, पुलिस ने 40 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार

VIKASH KHALKHO

Sakti News: सक्ती। छत्तीसगढ़ की सक्ती जिला पुलिस ने 13 वर्षीय बालक की हत्या और शव को छिपाने के सनसनीखेज मामले का महज 40 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने मासूम को पैसों का लालच देकर बुलाया, गला घोंटकर उसकी हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर शव व हत्या में प्रयुक्त रापा (फावड़ा) बरामद कर लिया है।

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसदाखुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने सक्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार केंवट बीते 8 जुलाई को गांव के ही हेमंत कुमार केंवट के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

गुमराह करता रहा आरोपी, मनोवैज्ञानिक पूछताछ में कबूला जुर्म

मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। संदेही हेमंत कुमार केंवट (22 वर्ष), निवासी परसदाखुर्द को हिरासत में लेकर जब पूछताछ शुरू की गई, तो वह लगातार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। हालांकि, कड़ाई और मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ के सामने वह टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

पूछताछ में आरोपी हेमंत केंवट ने खुलासा किया कि करीब 6-7 महीने पहले उसका पड़ोसी गांव हरदा के कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। आरोपी को शक था कि कपिल ने ही इस विवाद की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी थी। इसी बात से खुन्नस खाकर वह बदला लेने की फिराक में था। 8 जुलाई की रात उसने कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का झांसा दिया और अपने बोर घर ले गया। वहां मौका मिलते ही उसने मासूम का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में निकाला गया शव

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक के कपड़े दूर फेंक दिए और रापा से खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, डॉक्टरों के दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया गया, जिसकी पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई।

पुलिस अधीक्षक का बयान

सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रापा और वारदात के वक्त पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी हेमंत केंवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *