निवाड़ी, मध्य प्रदेश। देवेश गुप्ता : निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव से अवैध संबंधों के चलते हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका रोहिणी राजपूत की हत्या कर उसके शव को अपने ही घर में दफना दिया। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारा युवक, रतिराम राजपूत, शव दफनाने के बाद घर के कच्चे फर्श को लीप-पोतकर, उसी स्थान पर खाट डालकर दो दिनों तक सोता रहा।
शादी के दबाव में की हत्या
मृतिका रोहिणी राजपूत के अचानक लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की जांच में गांव के ही रतिराम राजपूत से रोहिणी के शादी-पूर्व प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। पूछताछ के लिए पुलिस ने रतिराम को हिरासत में लिया, जहाँ उसने सारा अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी रतिराम ने बताया कि रोहिणी राजपूत लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसके लिए वह अपने पति को भी छोड़ने को तैयार थी। चूँकि रतिराम पहले से शादीशुदा था और शादी के लिए तैयार नहीं था, इसलिए उसने प्रेमिका को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को दिया अंजाम
आरोपी ने 2 अक्टूबर की रात रोहिणी को अपने घर बुलाया, जहाँ शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसने गला घोंटकर रोहिणी की हत्या कर दी। इसके बाद रतिराम ने अपने दोस्तों कालीचरण, मुकेश और ज्ञान सिंह के साथ मिलकर घर के कच्चे फर्श पर गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से खुदाई कर मृतिका का शव बरामद कर लिया है।
हत्यारा चौकी से फरार, दो पुलिसकर्मी निलंबित
वारदात कबूलने के बाद, आरोपी रतिराम राजपूत को चकरपुर चौकी में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था, लेकिन वह शौच जाने के बहाने चौकी से फरार हो गया। इस गंभीर लापरवाही के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने हत्या के आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से भाग जाने पर दो पुलिस कर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म कर हत्या की थी। पुलिस अब फरार आरोपी रतिराम राजपूत और हत्या में शामिल उसके दोस्तों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
इस पूरे मामले में पुलिस का रवैया शुरू से ही सवालों के घेरे में रहा है, क्योंकि आरोपी के भागने के बाद ही पुलिस इस मामले को सार्वजनिक करने के लिए मजबूर हुई।











