MP TOP 5 BREAKING :
1. भोपाल : सरकारी जमीन पर मछली गैंग का कब्जा, आज सीमांकन की बड़ी कार्रवाई
भोपाल में प्रशासन ने मछली गैंग पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कोकता बायपास स्थित पशुपालन विभाग की 99 एकड़ जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मछली परिवार सहित 20 लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। प्रशासन ने सभी 20 लोगों को नोटिस जारी कर दिया है और सीमांकन के दौरान मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। मछली परिवार ने पशुपालन विभाग की जमीन के पास कॉलोनी काटने का भी काम किया है, जिसे लेकर शक गहराया है। हाल ही में परिवार की अवैध कोठी भी गिराई गई थी।
2. ग्वालियर : रीवा के बाद ग्वालियर में दूसरी रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव
प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। रीवा में हुई पहली रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव के बाद अब 29-30 सितंबर को दूसरी कॉन्क्लेव ग्वालियर में होगी। आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। इसकी थीम “टाइमलैस ग्वालियर-इकोज ऑफ कल्चर, स्पिरिट ऑफ लेगेसी” रखी गई है। कॉन्क्लेव में सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी शामिल होंगे। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के पर्यटन स्थलों के विकास व निजी निवेश पर चर्चा होगी।
3. रेलवे : रीवा से डॉ. अंबेडकर नगर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। 27 सितंबर से रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर-रीवा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है। यह ट्रेन 25 अक्टूबर तक हर शनिवार और रविवार को चलेगी। ट्रेन नंबर 01704 हर शनिवार रात 10:20 बजे रीवा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:40 बजे रानी कमलापति स्टेशन व 9:33 बजे संत हिरदाराम नगर स्टेशन पहुंचेगी। दोपहर 3:05 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। दोनों दिशा में 5-5 फेरे लिए जाएंगे। रेलवे ने बुकिंग शुरू कर दी है।
4. जबलपुर : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आज दौरा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज मध्यप्रदेश दौरे पर हैं। वे जबलपुर से स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितैषी पहलों का शुभारंभ करेंगे। श्योपुर और सिंगरौली में नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण भी करेंगे। धार, बैतूल, पन्ना और कटनी में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए अनुबंधों पर हस्ताक्षर होंगे। साथ ही डिजिटल नवाचार के रूप में स्मार्ट चैटबॉट का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस कदम से प्रदेश की चिकित्सा अधोसंरचना और तकनीकी सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
5. प्रदेश : निवेश, पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा विस्तार
मध्यप्रदेश में इन दिनों विकास की बड़ी तस्वीर उभर रही है। एक ओर जहां ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव से पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में निवेश बढ़ेगा, वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेज और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से जनता को सीधी सुविधा मिलेगी। दूसरी ओर रेलवे द्वारा शुरू की गई नई फेस्टिवल ट्रेन यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी। वहीं मछली गैंग पर शिकंजा कसकर प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













