Tuesday, September 29, 2026
Home Madhya Pradesh MP News: छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर हमला, तीन बार फायरिंग...

MP News: छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर हमला, तीन बार फायरिंग के बाद NDPS आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश

Sidhi Police Attack: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर कथित तौर पर बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, टीम NDPS मामले में गिरफ्तार एक आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान चार गाड़ियों में पहुंचे लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को छुड़ाकर अपने साथ ले गए।घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट किया और इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

चार गाड़ियों में पहुंचे हमलावर
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस टीम जब छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी चार वाहनों में सवार लोगों ने कथित तौर पर पुलिस के वाहन को घेर लिया।ओडिशा पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर तीन बार फायरिंग की। इसके साथ ही बेसबॉल बैट से मारपीट करने की बात भी सामने आई है। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के कब्जे से आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाया और मौके से फरार हो गए।

आठ पुलिसकर्मी थे टीम में मौजूद
घटना के समय पुलिस टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, टीम के पास AK-47, पिस्टल और अन्य हथियार भी थे। इसके बावजूद हमलावर आरोपी को लेकर भागने में सफल रहे।फायरिंग और मारपीट की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Read More: MP News: 1 अक्टूबर से खुलेगा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व! नए पर्यटन सीजन में बदलेगा जंगल सफारी का अंदाज

एसपी संतोष कोरी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीधी के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस को रवाना किया गया था।एसपी के अनुसार, ओडिशा पुलिस ने बताया है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार गोली चलाई और इसके बाद आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों और उनके वाहनों की तलाश में जुटी है।

मैहर की ओर जाने की सूचना, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
वारदात के बाद बदमाशों के वाहनों के मैहर जिले की ओर जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में वाहनों की निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध वाहनों की पहचान करने के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।छुहिया घाटी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। मामले की जांच के साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने लोग शामिल थे और आरोपी को छुड़ाने के पीछे उनकी क्या भूमिका थी।फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी या NDPS आरोपी आदित्य मिश्रा के संबंध में आगे की कार्रवाई की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here