Korba News: कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात पान ठेले पर सिगरेट लेने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक युवक के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पान ठेले पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक SBS कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से किसी काम से गए थे। घर लौटते समय दोनों कृष्णा नगर बस्ती में देर रात तक खुले पान ठेले पर रुके और सामान लिया।
इसी दौरान तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक भी वहां पहुंचे और दुकानदार से सिगरेट मांगी। सिगरेट देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
सड़क पर पटक-पटककर पीटा
घटना से जुड़े CCTV फुटेज में तीन युवक एक युवक को सड़क पर गिराकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक को बार-बार सड़क पर पटकने और पीटने का दृश्य नजर आ रहा है। इसी दौरान एक युवक द्वारा पत्थर से उसके सिर पर हमला करने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर सहायता केंद्र अंतर्गत कृष्णा नगर में सिगरेट को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष में राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला हैं, जबकि दूसरे पक्ष में तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला शामिल हैं।
Korba News: पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घायल पक्ष की MLC रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं CCTV फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।






