नर्मदापुरम। आज सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर नर्मदा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सनातन मान्यताओं के अनुसार, पिछले पंद्रह दिनों से चल रहे श्राद्ध पक्ष में लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण और पिंडदान कर रहे थे।
इस दिन स्नान और तर्पण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और इसे भूतड़ी अमावस्या भी कहा जाता है। सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या पर 16 श्राद्ध पूर्ण होते ही अश्विन नवरात्र प्रारंभ होते हैं। इसलिए श्रद्धालु इस दिन मां दुर्गा के अस्त्र-शस्त्र लेकर नर्मदा घाटों पर पहुंचते हैं और उनका पूजन कर नवरात्रि की तैयारियां करते हैं।
श्रद्धालु नर्मदा नदी में स्नान कर अपने पूर्वजों के लिए तर्पण और पिंडदान कर रहे हैं। नर्मदापुरम के सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर दूर-दूर से लोग आए। स्नान के दौरान अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन, पुलिस बल और होमगार्ड के गोताखोर भी तैनात रहे।













