सिंगरौली : सिंगरौली जिले के ग्राम पंचायत भंवरखोह अंतर्गत ग्राम हटका की बसोर बस्ती में विधायक निधि से बनाए गए पुलिया निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच पति द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य में न तो पारदर्शिता बरती गई और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा गया।
Read News : Big Breaking: पीडीएस मशीनों में टेंपरिंग कर 2.2 करोड़ रुपये के राशन में गबन, जिला प्रशासन ने दर्ज कराई FIR
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया और यह जानकारी नहीं दी गई कि पुलिया किस लागत में, किस मद से और किस ठेकेदार के माध्यम से बनाई जा रही है। नियमों के अनुसार सार्वजनिक निर्माण कार्यों में लागत व योजना संबंधी जानकारी दर्शाना अनिवार्य है।
घटिया सामग्री और गलत स्थान पर निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया रातों-रात जेसीबी मशीन लगाकर बनवाई गई। जबकि लेआउट इंजीनियर द्वारा तैयार बताया गया है, पुलिया गलत स्थान पर बनाई गई, पट्टे की जमीन पर, जहां न तो नाला है और न ही कोई पक्का मार्ग मौजूद है।
ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री पर भी सवाल उठाया। बताया गया कि सीमेन्ट की मात्रा कम रखी गई और भस्सी व लगभग 14–15 गाड़ी बोल्डर का उपयोग कर जल्दबाजी में काम पूरा किया गया। इस कारण पुलिया की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़ा हो गया।
Read News : BIG NEWS : हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ – अभिनेत्री अनुष्का मोनी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई जारी
सड़क का अभाव, ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं
बसोर परिवार का कहना है कि उन्हें रोड का लालच देकर उनकी पट्टे की जमीन पर पुलिया बनवाई गई, लेकिन सड़क निर्माण नहीं कराया गया। सरपंच पति का कहना है कि “हमारा पुलिया का काम हो गया, अब रोड के लिए पंचायत के पास पैसा नहीं है।”
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया होने के बावजूद मुख्य सड़क तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और यह केवल निधि का दुरुपयोग और दिखावटी निर्माण है।
प्रशासन से जांच की मांग
ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क निर्माण कर बसोर बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग की है, ताकि लोगों को आवाजाही में राहत मिल सके।













