MP NEWS:भिंड में बीजेपी किसान मोर्चा की वाहन रैली के बाद पार्टी संगठन ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है। बताया जा रहा है कि ग्वालियर से भिंड तक निकाली गई सैकड़ों वाहनों की रैली पार्टी नेतृत्व को भारी पड़ गई, जिसके बाद प्रदेश संगठन ने अनुशासनहीनता मानते हुए यह कार्रवाई की।
MP NEWS:जानकारी के मुताबिक किसान मोर्चा की ओर से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में चार पहिया और दोपहिया वाहन शामिल हुए थे। रैली को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा था और पूरे मार्ग में वाहनों का लंबा काफिला नजर आया। हालांकि इस आयोजन ने बीजेपी संगठन के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी।
MP NEWS:सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व इस बात से नाराज था कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ऊर्जा बचत, ईंधन संरक्षण और संसाधनों के सीमित उपयोग को लेकर देशवासियों से अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी पदाधिकारी सैकड़ों वाहनों के साथ रैली निकाल रहे हैं। संगठन ने इसे प्रधानमंत्री की अपील की भावना के विपरीत माना।
MP NEWS:बताया जा रहा है कि पूरे मामले को प्रदेश संगठन ने गंभीरता से लिया और इसे सीधे तौर पर अनुशासनहीनता से जोड़ा गया। इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर सज्जन सिंह यादव को पद से हटाने का फैसला लिया गया।
MP NEWS:इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी संगठन अब पार्टी कार्यक्रमों और पदाधिकारियों की गतिविधियों पर पहले से ज्यादा सख्त नजर रख रहा है। संगठन यह संदेश देना चाहता है कि पार्टी लाइन से हटकर किसी भी प्रकार का शक्ति प्रदर्शन या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
MP NEWS:भिंड में किसान मोर्चा की रैली के बाद हुई इस कार्रवाई को प्रदेश बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक संदेश माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे अनुशासन बनाए रखने और नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
MP NEWS:राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम सिर्फ एक पदाधिकारी पर कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे संगठन के लिए चेतावनी के तौर पर भी देखा जा रहा है, ताकि भविष्य में पार्टी की छवि और नेतृत्व के संदेश के खिलाफ कोई गतिविधि सामने न आए।









