MP News: इंदौर के सांवेर में बड़ा हादसा, जर्जर दीवार के मलबे में दबकर 4 महिलाओं की मौत

Rahul Goshwami

Indore Sanwer Accident:  निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- इंदौर जिले के सांवेर में बुधवार दोपहर जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टशन चौराहे के पास करीब 40 साल पुराने मकान को गिराने का काम चल रहा था। इसी दौरान पास की एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से वहां मजदूरी कर रहीं चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, सांवेर के टशन चौराहे के पास ‘नेताजी’ के नाम से पहचाने जाने वाले पुराने मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान पास के मकान की पुरानी दीवार अचानक गिर गई।उस समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। दीवार गिरते ही कई लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।शुरुआत में मलबे में एक बच्चे के दबे होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, मजदूरों से पूछताछ और रेस्क्यू के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कोई बच्चा मलबे में नहीं दबा था।

हादसे में चार महिलाओं की मौत
मलबे में दबने से चार महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रीना, सीमा बाई, चंदा बाई और सुशीला बाई के रूप में हुई है।हादसे में घायल हुए मंजू बाई, सुंदर बाई, सुनील और दिलीप को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं संतोषी बाई का उपचार सांवेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।पुलिस और प्रशासन की टीम ने मलबा पूरी तरह हटाने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
Read more: MP Ladli Behna Yojana: कितनी महिलाओं को मिल रहा लाभ? हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी जानकारी, नोटिस जारी

डिमोलेशन में सुरक्षा नियमों की जांच
सांवेर के एसडीओपी के अनुसार, जर्जर मकान को तोड़ने का काम मकान मालिक के निर्देश पर कराया जा रहा था। मकान मालिक इंदौर में रहते हैं।अधिकारी के मुताबिक अब यह जांच की जा रही है कि मकान को गिराने के दौरान जरूरी सुरक्षा और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसे लेकर संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री तुलसी सिलावट पहुंचे अस्पताल और घटनास्थल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंत्री तुलसी सिलावट एमवाय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज की जानकारी ली। इसके बाद मंत्री घटनास्थल पर भी पहुंचे और हादसे की स्थिति का जायजा लिया।मंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू और जांच से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने मामले की उच्चाधिकारी स्तर पर निष्पक्ष जांच के निर्देश भी दिए हैं।

मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
हादसे में जान गंवाने वाली चारों महिलाओं के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री की ओर से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।इसके अलावा हादसे में घायल लोगों का निशुल्क इलाज कराने की बात कही गई है। मृतकों के परिवारों के बच्चों की शिक्षा का खर्च भी पूरी तरह मुफ्त कराने की घोषणा की गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि जर्जर मकान को गिराने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *