जगदलपुर। जगदलपुर में बड़ा फर्जीवाड़ा : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ठगी का भंडाफोड़ किया है। आरोपी आशीष कुमार रथ ने बैंक गारंटी और फर्जी डिजिटल फिक्स डिपॉजिट बॉन्ड के नाम पर 32 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को महारानी अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जगदलपुर में बड़ा फर्जीवाड़ा : पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑफिस के लैपटॉप और कंप्यूटर की मदद से नकली एफडी सर्टिफिकेट और डिजिटल बॉन्ड तैयार किए। इन दस्तावेजों को असली बताकर वह लोगों को झांसे में लेता और लाखों रुपये ऐंठ लेता था।
ठगी का शिकार आनंद शुक्ला, डॉ. सैयद मोइनुल हक और संगीता कौर बने। आनंद शुक्ला से आरोपी ने 10.20 लाख, डॉ. हक से 19.80 लाख और संगीता कौर से 2.50 लाख रुपये वसूले। सभी को फर्जी डिजिटल बॉन्ड दिए गए थे, जो बैंक की जांच में पूरी तरह नकली निकले।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम ने कार्रवाई की और आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल और कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।











