मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए ‘मिनी विधानसभा’ कहे जाने वाले 29 महानगरपालिकाओं के चुनावों का आज निर्णायक दिन है। गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान के बाद शुक्रवार सुबह से मतगणना जारी है। यह चुनाव न केवल शहरी निकायों की सत्ता तय करेगा, बल्कि सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के लिए अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने की बड़ी कसौटी माना जा रहा है।
अब तक के रुझान: बीजेपी सबसे आगे
राज्यभर में कुल 2869 वार्डों में से अब तक 1486 वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं। इनमें बीजेपी ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए 737 वार्डों में बढ़त हासिल की है। शिवसेना (शिंदे गुट) 190, कांग्रेस 175, शिवसेना (ठाकरे गुट) 98, एनसीपी (अजित पवार) 91 और एनसीपी (शरद पवार) महज 10 वार्डों में आगे है। AIMIM 32 और MNS 8 वार्डों में बढ़त बनाए हुए हैं।
पार्टीवार रुझान
| पार्टी / गठबंधन | बढ़त वाले वार्ड |
|---|---|
| भारतीय जनता पार्टी (BJP) | 737 |
| शिवसेना (शिंदे गुट) | 190 |
| कांग्रेस | 175 |
| शिवसेना (ठाकरे गुट) | 98 |
| एनसीपी (अजित पवार गुट) | 91 |
| एनसीपी (शरद पवार गुट) | 10 |
| AIMIM | 32 |
| महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) | 08 |
Read More : BMC Elections Result : मुंबई से पुणे तक बीजेपी की बढ़त, BMC में 90 पार पहुंचा NDA गठबंधन
BMC में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन मजबूत
देश की सबसे अमीर नगर निगम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में बीजेपी-शिवसेना (शिंदे) गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ता दिख रहा है। 227 वार्डों में से 115 पर गठबंधन आगे है। ठाकरे बंधुओं का गठबंधन 67 वार्डों में, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन 11 वार्डों में आगे चल रहा है।
नागपुर में बीजेपी का प्रचंड बहुमत
नागपुर महानगरपालिका में बीजेपी ने लगभग एकतरफा जीत की तस्वीर पेश कर दी है। 151 वार्डों में से 133 के रुझानों में बीजेपी 101 वार्डों पर आगे है, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ऊपर है। यहां कांग्रेस 25 वार्डों में दूसरे स्थान पर है।
बदले गठबंधन, बदली राजनीति
इस बार के चुनाव इसलिए भी खास हैं क्योंकि महाराष्ट्र की सियासत में गठबंधन पूरी तरह बदल चुके हैं। वर्षों की राजनीतिक दूरी भुलाकर उद्धव और राज ठाकरे एक साथ चुनावी मैदान में हैं। वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में ‘पवार बनाम पवार’ की लड़ाई चर्चा में है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये नतीजे आने वाले विधानसभा चुनावों का रोडमैप तय करेंगे और यह साफ करेंगे कि जनता का रुझान किस ओर है।











