Monday, October 5, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal MP Teacher Recruitment: 4 साल से नौकरी का इंतजार, राहुल गांधी ने...

MP Teacher Recruitment: 4 साल से नौकरी का इंतजार, राहुल गांधी ने CM मोहन को लिखा पत्र; वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग

MP Teacher Recruitment: भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने तथा उनसे बातचीत कर उनकी मांगों पर विचार करने का आग्रह भी किया है।

एक लाख से ज्यादा शिक्षक पद खाली होने का दावा

29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाया। पत्र में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक लाख से ज्यादा शिक्षक पद खाली हैं और इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

Read More: Rewa News संजय गांधी अस्पताल में MLC कराने आये मरीज से मारपीट, वीडियो बनाने वाले युवक को कमरे में अस्पताल प्रबंधक ने किया बंद

राहुल गांधी ने शिक्षक भर्ती-2025 का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ग-3 में 13,089 और वर्ग-2 में 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। उनके मुताबिक, अभ्यर्थी इन पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

अच्छे अंक के बावजूद नौकरी का इंतजार

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि कई अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं। इनमें ऐसे उम्मीदवार भी हैं जो लंबे समय से अतिथि शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। सीमित पदों के कारण उन्हें नियमित नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे कई अभ्यर्थी अब आयु सीमा के करीब पहुंच रहे हैं। ऐसे में पदों की संख्या बढ़ाने से अधिक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में अवसर मिल सकता है।

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के नोटिस वापस लेने की मांग

राहुल गांधी ने पत्र में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि आंदोलनरत अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लिए जाएं और सरकार के प्रतिनिधि उनसे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनें।राहुल गांधी ने यह मांग भी रखी कि वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू की जाए।

Read More: Bhind News: भिंड में जुए के फड़ पर पुलिस की लाइव रेड, 30 जुआरी गिरफ्तार; 4.52 लाख रुपये और ताश की गड्डियां जब्त

राहुल गांधी ने रखीं ये प्रमुख मांगें

  • वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए।
  • भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू की जाए।
  • आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लिए जाएं।
  • अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से सरकार बातचीत करे और उनकी मांगों पर विचार करे।

राहुल गांधी का यह पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती के पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। अब इस मुद्दे पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर अभ्यर्थियों और राजनीतिक दलों की नजर है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here