Raikheda Power Plant: रायपुर। रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित निजी पावर प्लांट में रविवार देर रात शराब बेचने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों की झड़प और पथराव में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी (TI) घायल हो गए। घटना में रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के शीशे भी टूट गए।
शराब बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, प्लांट परिसर में शराब बेचने को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद मामला बढ़ते-बढ़ते बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के दो पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प तक पहुंच गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया।
पुलिस पहुंची तो टीम पर भी पथराव
विवाद की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी को चोट लगी। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
सरपंच की गाड़ी के शीशे टूटे
घटना की जानकारी मिलने पर रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी भी पथराव की चपेट में आ गई और वाहन के शीशे टूट गए। हालात बिगड़ने की सूचना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया।
अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे अधिकारी
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर प्लांट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
पथराव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
Raikheda Power Plant: पुलिस अब पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्लांट परिसर में शराब की बिक्री को लेकर विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और हिंसा में कौन-कौन लोग शामिल थे।
Raikheda Power Plant: डीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। सरपंच के मौके पर पहुंचने के दौरान भी पथराव हुआ, जिससे उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।






