इंदौर। Nishaanebaz.com-Indore Banganga Suspicious Death: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक युवती से हुए विवाद के बाद 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक द्वारा कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने की बात सामने आई है, जिसकी इलाज के दौरान एमवाय अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर भारी तनाव फैल गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित समझाइश और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
गरबा पंडाल में हुआ था विवाद, खाई थी कथित तौर पर जहरीली चीज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 और 19 अक्टूबर की मध्य रात्रि की है। बाणगंगा थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में रहने वाले 24 वर्षीय चिराग सेन की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चिराग पिछले चार-पांच वर्षों से एक युवती के संपर्क में था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच बातचीत बंद चल रही थी, जिससे युवक काफी परेशान रहता था।
घटना की रात जब उक्त युवती खजराना थाना क्षेत्र में आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में अपने दोस्तों के साथ मौजूद थी, तो चिराग भी वहां पहुंच गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ, जिसके बाद युवक द्वारा कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की बात सामने आई। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
Read More : Raipur News: लालपुर शराब भट्टी के पास नाले में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, इलाके में मचा हड़कंप
परिजनों ने किया चक्काजाम, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने न्याय की मांग को लेकर चक्काजाम करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर पहुंची बाणगंगा थाना पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों को शांत कराया।
इस संवेदनशील मामले पर जानकारी देते हुए अतिरिक्त डीसीपी (Additional DCP) ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या वाकई युवती की प्रताड़ना या किसी अन्य दबाव के कारण युवक ने यह कदम उठाया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि युवती की प्रताड़ना से जुड़े ठोस साक्ष्य मिलते हैं, तो नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।