भोजपुर (रायसेन)। Nishaanebaz.com-Shivraj Singh Chouhan Bhojpur Speech: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक क्षेत्र भोजपुर के विनेका पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की महत्वाकांक्षी ‘लाड़ली बहना योजना’ को लेकर एक बेहद बड़ा और बेबाक बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह योजना अब इतनी लोकप्रिय और असरदार हो चुकी है कि भविष्य में आने वाली किसी भी सरकार को इसे जारी रखना ही पड़ेगा, क्योंकि अगर प्रदेश की बहनें गुस्सा हो गईं तो किसी की खैर नहीं है।
राशि 3000 रुपये करने की मांग और महिलाओं का बढ़ता आत्मविश्वास कार्यक्रम के दौरान जब केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित महिलाओं से पूछा कि लाड़ली बहना योजना की मासिक राशि कितनी बढ़ाई जानी चाहिए, तो महिलाओं ने एक स्वर में इसे बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह करने की मांग रखी। इस पर मुस्कुराते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस योजना की सफलता को देखकर अब देश के कई अन्य राज्यों में भी महिलाओं को वित्तीय सहायता देने वाली ऐसी ही योजनाएं शुरू की जा रही हैं।
अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने बचपन से ही गरीब व निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की बहनों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों के सामने हाथ फैलाते देखा था। लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के हाथों में सीधे पैसे पहुंचाकर उनके घर और समाज में सम्मान को बढ़ाया है। अब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने फैसले खुद ले रही हैं और राजनीतिक रूप से भी जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सालाना आय कम से कम 1 लाख रुपये करने के लिए सरकार उन्हें प्रशिक्षण और कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध करा रही है।
PM ग्राम सड़क योजना-IV का किया शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोजपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (PMGSY-IV) के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने भोजपुर के विनेका से योजना के चौथे चरण का देशव्यापी आगाज करते हुए रायसेन जिले के लिए 84 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 31 ग्रामीण सड़कों का भूमिपूजन किया। अपने संबोधन में उन्होंने ग्रामीण अवसंरचना, गरीबी उन्मूलन, कृषि को लाभ का धंधा बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
जीतू पटवारी ने कसा तंज दूसरी ओर, शिवराज सिंह चौहान के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शिवराज के बयान पर पलटवार करते हुए तंज कसा। पटवारी ने कहा कि “लाड़ली बहनें नाराज हुईं तो खैर नहीं!” वाली यह चेतावनी असल में वर्तमान भाजपा सरकार के लिए ही है, क्योंकि शिवराज भैया तो झूठे वादे करके केंद्र में चले गए हैं और प्रदेश की बहनें अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।


