Rinku Singh’s birthday: नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह सोमवार, 12 अक्टूबर को अपना 29वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें प्रशंसकों और करीबियों की ओर से बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, उनकी मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज ने भी सोशल मीडिया पर खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह के साथ मंदिर में ली गई एक खूबसूरत तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। इसके साथ उन्होंने प्यार भरा संदेश लिखते हुए कहा, “हैप्पी बर्थडे RK… मेरी यही दुआ है कि जिंदगी आपको वो तमाम खुशियां, प्यार और कामयाबी दे, जिसके आप सच्चे हकदार हैं।”
प्रिया के इस संदेश और दोनों की तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच चर्चा हो रही है। जन्मदिन के मौके पर साझा की गई इस पोस्ट ने रिंकू के खास दिन को और यादगार बना दिया।
जन्मदिन से पहले रिंकू ने रणजी ट्रॉफी में जड़ा शतक
रिंकू सिंह ने जन्मदिन से ठीक पहले रणजी ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। बिहार के खिलाफ मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने 85 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू ने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
उन्होंने 164 गेंदों पर 112 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और आठ चौके शामिल रहे। रिंकू ने माधव कौशिक के साथ चौथे विकेट के लिए 202 रनों की अहम साझेदारी की। माधव कौशिक भी शतक लगाकर नाबाद रहे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिंकू का 10वां शतक
Rinku Singh’s birthday: रिंकू सिंह का यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10वां शतक बताया गया है। वह अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में करीब 60 की औसत से 3,860 से ज्यादा रन बना चुके हैं। भारतीय टीम के लिए वह दो वनडे और 48 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेल चुके हैं। रणजी ट्रॉफी में रिंकू की इस पारी को उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। एक तरफ जन्मदिन पर मंगेतर का प्यार भरा संदेश चर्चा में है, तो दूसरी तरफ मैदान पर उनके शतक ने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचा है।


